धमतरी

दीपावली से पहले धमतरी पुलिस अलर्ट, बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने संभाली कमान, व्यापारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील

धमतरी। दीपावली पर्व को देखते हुए धमतरी पुलिस ने शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस द्वारा प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों ने बाजार क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मकई चौक से सदर बाजार होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर तक पैदल पेट्रोलिंग की। इस दौरान प्रमुख बाजार मार्गों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर यातायात की स्थिति का जायजा लिया गया।

पैदल पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार में बढ़ते यातायात दबाव, वाहनों की पार्किंग, दुकानों के सामने लगने वाली भीड़ तथा आवागमन में संभावित बाधाओं का निरीक्षण किया। आवश्यक स्थानों को चिन्हांकित कर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। पुलिस जवानों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

व्यापारियों से भी किया सीधा संवाद

पुलिस अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और दुकानदारों से प्रत्यक्ष संवाद कर दीपावली के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। व्यापारियों से कहा गया कि दुकानों के सामने अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न होने दें और सड़क या फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित न करें। साथ ही ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

धमतरी पुलिस के अनुसार दीपावली के दौरान बाजार क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पैदल एवं वाहन पेट्रोलिंग तथा प्रभावी यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सतत मौजूदगी सुनिश्चित कर आम नागरिकों एवं व्यापारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

सुरक्षित और व्यवस्थित दीपावली के लिए पुलिस की अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से दीपावली पर्व के दौरान यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि वाहन निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें, सड़क पर अनावश्यक भीड़ या जाम की स्थिति निर्मित न करें और शहर की सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

पुलिस का उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखना है, ताकि आम नागरिक, व्यापारी और बाहर से आने वाले लोग बिना परेशानी के आवागमन कर सकें तथा सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।

इस पैदल पेट्रोलिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक के.आर. साहू, कोतवाली पुलिस टीम, यातायात पुलिस टीम एवं चीता स्क्वायड सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button