CG जुए की महफिल में पुलिस की एंट्री,धमतरी में चार थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश, 20 जुआरी गिरफ्तार..!

धमतरी जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में भखारा, सिहावा, कोतवाली और अर्जुनी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सार्वजनिक जगहों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 20 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 9,400 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
भखारा थाना क्षेत्र में दो जगह कार्रवाई
भखारा पुलिस ने ग्राम जोरातराई थूहा रोड के पास जुआ खेल रहे मनोहर निषाद, भोजराज साहू, मुकेश निषाद और पेमन निषाद को गिरफ्तार किया। इनके पास से 1,210 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।
वहीं ग्राम पचपेड़ी बाजार चौक में कार्रवाई करते हुए अंकित शर्मा, पुरुषोत्तम साहू, योगेश्वर निषाद और सूरज पाण्डे को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 2,240 रुपये और ताश की पत्तियां बरामद हुईं।
सिहावा में स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ
सिहावा थाना पुलिस ने ग्राम छिंदापुर में चौपाल के पास स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेल रहे राकेश ध्रुव, हरीश कुमार पाण्डेय और देवेन्द्र सिंह परिहार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 1,130 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त कीं।
कोतवाली पुलिस की दो जगह दबिश
कोतवाली पुलिस ने टिकरापारा खपरी तालाब होलिका चौक के पास जुआ खेल रहे पवन उर्फ पप्पू, ऋषभ योधवानी और नितेश ठक्कर को गिरफ्तार कर 1,720 रुपये जब्त किए।
इसी तरह सिहावा चौक रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए टिकेश्वर उर्फ टीकू यादव और चित्रसेन साहू को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 2,400 रुपये और ताश की पत्तियां बरामद हुईं।
अर्जुनी में गौठान के पास पकड़े गए चार जुआरी
अर्जुनी थाना पुलिस ने ग्राम तरसियों गौठान के पास जुआ खेल रहे गजेन्द्र साहू, मोहन हिरवानी, महेश यादव और मुकेश यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से 700 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त कीं।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
कुल कार्रवाई: 20 आरोपी गिरफ्तार | नकदी: 9,400 रुपये | जब्त: 52 पत्ती ताश | कार्रवाई: छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत