छत्तीसगढ़

CG- चर्च विवाद में बवाल! महिलाओं से मारपीट के बाद भड़का मसीही समुदाय, सड़क पर उतरकर किया चक्काजाम……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चर्च के अंदर हुए विवाद ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया। रजगामार स्थित चर्च में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों के पहुंचने और महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मारपीट भी हुई, जिसमें एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वहीं, आक्रोशित मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के चलते इलाके में आवागमन प्रभावित हुआ।

यह पूरा मामला कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, चर्च में कुछ लोगों के पहुंचने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने चर्च में घुसकर महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी की। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक युवक की जमकर पिटाई किए जाने की बात सामने आई है।

घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। इसके चलते कोरबा-रजगामार रोड पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लोगों को समझाइश देने के बाद चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है।

बता दें कि कुछ दिनों पहले भी रजगामार में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए विवाद हुआ था। उस दौरान भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था और इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी।

Related Articles

Back to top button