नवंबर माह का चावल निकला अमानक- इल्ली, फफूंद और पाखड़ से भरा…! दो- दो क्वालिटी इंस्पेक्टर के बाद भी घटिया चावल नान से कैसे पहुँचा एफएफसी गोदाम तक? सिस्टम पर बड़ा सवाल पढ़े पूरी ख़बर
0 ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ने लिया आड़े हाथों, आंदोलन की दी चेतावनी.
कोरबा// तस्वीरें झूठ नहीं बोलतीं और ये तस्वीरें हैं पाली विकासखंड की सोसायटियों को नवंबर माह में आपूर्ति किए गए पीडीएस चावल की। जहां बोरी खोलते ही चावल नहीं, इल्ली, फफूंद और पाखड़ का ढेर दिखता है। चावल की दुर्गंध और सड़न को देखकर साफ कहा जा सकता है कि यह चावल न तो गुणवत्ता की कसौटी पर खरा है, न ही किसी मापदंड के अनुरूप है। इसे शायद मवेशी भी खाने से कतराए, लेकिन यही चावल गरीब परिवारों को निशुल्क खाद्यान्न के नाम पर बांटा जा रहा है।
सरकार की ओर से बीपीएल हितग्राहियों को निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण चावल देने का दावा किया जाता है। लेकिन पाली की हकीकत इस दावे की धज्जियां उड़ा रही है। यह कृत्य सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि गरीब आम जनता के स्वास्थ्य से सीधा खिलवाड़ और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है। ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में इस तरह का घटिया अनाज मिलने से कुपोषण और बीमारियों का खतरा और बढ़ जाएगा। सवाल यह है कि शासकीय जनकल्याणकारी खाद्यान्न योजना का आखिर बंटाधार कौन कर रहा है? इस पूरे खेल में सबसे बड़ा सवाल गुणवत्ता जांच व्यवस्था पर उठ रहा है।
घटिया चावल की गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी क्वालिटी इंस्पेक्टर की होती है और पाली विकासखंड के लिए दो- दो क्वालिटी इंस्पेक्टर अमित चंद्राकर और महेंद्र शर्मा नियुक्त हैं। बावजूद इसके राइस मिलर्स से निकलकर नान और नान से एफएफसी गोदाम और वहां से पीडीएस दुकानों तक गुणवत्ताहीन चावल आखिर पहुंचा कैसे? क्या गुणवत्ता की जांच हुई ही नहीं? या जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई? सूत्रों का दावा है कि यह पूरा खेल कमीशनखोरी और मिलीभगत के चलते हो रहा है। जिसका खामियाजा गरीब परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।
सोसायटी संचालक मजबूर, हितग्राहियों की खरी- खोटी सुन रहे…
नाम न उजागर करने की शर्त पर अनेक सोसायटी संचालकों ने बताया कि घटिया चावल वितरण को लेकर उन्हें हितग्राहियों की खरी- खोटी सुनने को मिल रही है। कई संचालकों ने तो ऐसे गुणवत्ताहीन चावल को एफएफसी गोदाम को लौटा दिया है, तो कई दुकानों में मजबूरन यही चावल वितरण किया जा रहा है। जिसे लेकर संचालकों के कहना है कि हम क्या करें? ऊपर से यही चावल आया है चावल आपूर्ति मामले में भड़के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा, दी आंदोलन की चेतावनी सोसायटियों में घटिया चावल आपूर्ति के मामले को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाली के अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा ने आड़े हाथों लिया है और उन्होंने कड़ा विरोध जताते हुए कहा है- नागरिक आपूर्ति निगम से पीडीएस हेतु आपूर्ति होने वाले चावल में गुणवत्ता की भारी अनदेखी हो रही है।
शासन- प्रशासन इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेकर त्वरित एवं आवश्यक जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई तय करे, ताकि घटिया चावल के इस खेल में विराम लग सके और इस निशुल्क खाद्यान्न का लाभ गरीबों की थाली में गुणवत्तापूर्ण दिख सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस गंभीर मामले में प्रशासनिक अनदेखी हुई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
अब प्रशासन क्या करेगा?
यह प्रकरण न केवल शासकीय योजना में भ्रष्टाचार है, बल्कि गरीबों के हक पर डाका है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और खाद्य विभाग इस ज्वलंत मामले पर जांच कर दोषी मिलर्स, गोदाम प्रभारी और क्वालिटी इंस्पेक्टरों पर कार्रवाई करता है या फिर गरीबों को नवंबर माह का यही इल्ली- फफूंद वाला चावल खाना पड़ेगा?




