चिट्टा तस्करी और गंभीर अपराधों में संलिप्त बदमाश अभिनव तिवारी जिला बदर, 7 जिलों से एक साल के लिए निष्कासित..!

धमतरी। जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के आदतन बदमाश एवं चिट्टा तस्करी से जुड़े अभिनव तिवारी उर्फ लवली के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय की अनुशंसा पर जिला दण्डाधिकारी धमतरी श्री अबिनाश मिश्रा ने 23 नवंबर 2026 को जिला बदर का आदेश जारी किया। आदेश के तहत अभिनव तिवारी को धमतरी समेत रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोण्डागांव और गरियाबंद—कुल 7 जिलों की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्तमान में जिला जेल धमतरी में अन्य आपराधिक मामलों में निरुद्ध है। ऐसे में जिला बदर का आदेश उसकी जेल से रिहाई की तारीख से प्रभावशील होगा। निर्धारित अवधि में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना प्रतिबंधित जिलों की सीमाओं में प्रवेश करना प्रतिबंधित रहेगा।
मारपीट, धमकी, हथियार और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक अभिनव तिवारी वर्ष 2023 से लगातार विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, हथियार रखने तथा मादक पदार्थ चिट्टा से संबंधित प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि सामान्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और वर्ष 2025 में गुंडा सूची में शामिल किए जाने के बावजूद उसकी गतिविधियों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस अधीक्षक की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क) एवं 5(ख) के तहत जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
प्रस्तुत रिकॉर्ड और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद जिला दण्डाधिकारी द्वारा निष्कासन का आदेश पारित किया गया।
जेल से रिहाई के बाद लागू होगा आदेश
पुलिस के अनुसार जिला बदर की अवधि जेल से रिहाई के बाद एक वर्ष रहेगी। आदेश का उल्लंघन कर प्रतिबंधित जिलों की सीमा में प्रवेश करने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने कहा कि आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आपराधिक रिकॉर्ड एवं गतिविधियों के आधार पर आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, गुंडा सूची में शामिल करने तथा जिला बदर जैसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।