छत्तीसगढ़
CG ब्रेकिंग : विधायक की कार पर पत्थरबाजी, पुलिस ने नाबालिग समेत दो लोगों को किया गिरफ्तार…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पाली-तानाखार के विधायक की कार पर पथराव का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, रतनपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पथराव के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, विधायक तुलेश्वर मरकाम गौरा गौरी विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होकर रतनपुर के सिंघरी से लौट रहे थे। इस दौरान उनकी कार को पत्थर लगा, जिससे कार का शीशा टूट गया। विधायक चोटिल होने से बाल-बाल बचे।
घटना की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दो लड़कों के बीच की लड़ाई में पत्थरबाजी की बात सामने आई है।



