CG – बाराती में खूनी संघर्ष : शादी समारोह में जरा सी बात पर जानलेवा हमला, पांच लोगों की हालत गंभीर, एक की फूटी आंख…..

जांजगीर। छत्तीसगढ़ जांजगीर जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोना में शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बारात स्वागत की रस्म शुरू होने से पहले ही गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने बारातियों पर हमला कर दिया। हमले में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की आंख फूटने की खबर है।
खोखरा गांव से बारात पोना गांव निवासी पुरुषोत्तम यादव के घर पहुंची थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं और माहौल उत्साहपूर्ण था। इसी बीच किसी बात को लेकर स्थानीय युवकों और बारातियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया, गांव के युवकों ने बारातियों को घेरकर लाठी-डंडे, बेल्ट और हथियारों से हमला कर दिया और जमकर मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने दूल्हे तक को नहीं छोड़ा और उसके पिता के साथ भी मारपीट की। अचानक हुए इस हमले से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जानलेवा हमला में लोकेश यादव, मानमदर यादव, देवेंद्र यादव, अभिषेक साहू और देवराज वर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से लोकेश यादव की एक आंख में ज्यादा चोट बताई जा रही है। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया है। बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल जांजगीर में जारी है।
मुलमुला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।



