छत्तीसगढ़

CG – बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर विवाद, गले पर चाकू से वार कर बुजुर्ग की हत्या…

धमतरी जिले के भखारा नगर पंचायत में बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। महावीर चौक के पास तीन युवकों ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिसमें इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं….

धमतरी जिले के भखारा नगर पंचायत में बुधवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद हत्या की वारदात में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, अनंतु निर्मलकर के नाती साहिल निर्मलकर ने कुछ समय पहले चीकू दीवान की बाइक ली थी। इसी दौरान बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद उसकी मरम्मत में करीब 25 हजार रुपए खर्च हुए…

बताया जा रहा है कि साहिल द्वारा 5 हजार रुपए देने के बावजूद बाकी रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। बुधवार शाम अनंतु निर्मलकर भखारा के महावीर चौक के पास मौजूद थे, तभी बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और पैसों को लेकर बहस शुरू हो गई…

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि शिवम साहू ने धारदार चाकू से अनंतु निर्मलकर के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनंतु निर्मलकर को पहले भखारा अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया…

घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर एक आरोपी चीकू दीवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवम साहू और राहुल कंवर अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे….
“बाइक दुर्घटना के बाद मरम्मत खर्च को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है….

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है, वहीं, इस घटना के बाद भखारा इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button