CG – राजधानी रायपुर के ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर लेकर चोर हुए फरार, शोरूम खोला तो उड़ गए सर्राफा कारोबारी के होश…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले बुलंद है। लिहाजा, चोर एक के बाद एक बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार-सोमवार की रात राजधानी रायपुर में ज्वेलरी की दुकान की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने शंकर नगर के एक सर्राफा दुकान को निशाना बनाया। करीब 1 करोड़ रुपए की सोने-चांदी के जेवर चोरी हुई है। मामला खम्हारडीह थाना इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में चोरों ने धावा बोला। रविवार-सोमवार की रात करीब 12:30 बजे अज्ञात चोरों ने दुकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवर पर हाथ साफ किया। सोमवार सुबह जब कारोबारी दुकान पहुंचा तो होश उड़ गए। भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात की चोरी का पता चला।
खम्हारडीह थाना में मामले की सूचना के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालने की प्रकिया शुरू दी है। घटना के बाद सराफा कारोबारियों में हड़ंकप मच गया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।



