CG- खरखरा जलाशय में दर्दनाक मौत: मछलियों को दाना डालने गया मजदूर गहरे पानी में समाया, ठेकेदार की लापरवाही पर उठे सवाल…..

बालोद। जिले के डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र स्थित खरखरा जलाशय में मछली पालन कार्य के दौरान एक मजदूर के डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहारी लाल सलाम (75 वर्ष) निवासी अन्नपूर्णा पारा, जिला कांकेर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बिहारी लाल सलाम खरखरा जलाशय में बने गेज में मछलियों को दाना डालने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और शव की तलाश शुरू की। घटना को लेकर मछली पालन करने वाले ठेकेदार की लापरवाही की बात सामने आ रही है।
बिना सुरक्षा जैकेट के पानी में भेजा गया
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग मजदूर को बिना सुरक्षा जैकेट के ही पानी में भेजा गया था। सूत्रों के मुताबिक मजदूर ने पानी में जाने से मना भी किया था, लेकिन इसके बावजूद उसे जबरन भेजे जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। ठेकेदार की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।



