CG New Gold Mine : छत्तीसगढ़ बनेगा देश का नया गोल्ड हब:छत्तीसगढ़ में यहां मिलीदेश की चौथी गोल्ड माइंस, 2700 किलो सोने की पुष्टि, 81 करोड़ होगी इनकम…..

बलौदाबाजार। जिले के बाघमारा क्षेत्र में देश की चौथी बड़ी गोल्ड माइंस बनने की तैयारी तेज हो गई है। भारत में सोने के आयात पर बढ़ती निर्भरता और वैश्विक हालात के बीच यह परियोजना काफी अहम मानी जा रही है। शुरुआती सर्वे रिपोर्ट में यहां करीब 2700 किलो सोने के भंडार की पुष्टि हुई है।
बाघमारा गोल्ड माइंस प्रोजेक्ट को देश की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार अगले दो वर्षों में यहां सोना खनन शुरू हो सकता है। फिलहाल वेदांता ग्रुप यहां डीप ड्रिलिंग और एक्सप्लोरेशन का काम कर रहा है।
बाघमारा गोल्ड माइंस क्षेत्र में करीब 500 मीटर गहराई तक ड्रिलिंग की जा रही है। विशेषज्ञों की टीम अलग-अलग स्थानों पर 50 से ज्यादा ड्रिलिंग होल्स से सैंपल निकाल रही है। इन पत्थरों को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सोना कितनी मात्रा में और कितनी गहराई तक फैला हुआ है।
ड्रिलिंग के दौरान निकले सिलेंडर आकार के पत्थरों में सोने के कण साफ दिखाई दे रहे हैं। यह पूरा क्षेत्र करीब 603 हेक्टेयर में फैला हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्लोरेशन पूरा होने के बाद यहां बड़े स्तर पर खनन शुरू किया जाएगा। बाघमारा गोल्ड माइंस को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता बढ़ी है।


