धमतरी पुलिस को मिली नई ताकत, 24 घंटे दौड़ेंगे हाईटेक डायल-112 वाहन,10 थाना क्षेत्रों में तैनात हुए हाईटेक पुलिस वाहन…

धमतरी जिले में अब पुलिस सहायता और भी तेज और हाईटेक होने जा रही है। पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित कार्यक्रम में नए डायल-112 ईआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, महापौर रामू रोहरा और जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने हरी झंडी दिखाकर नए ईआरवी वाहनों को रवाना किया। जिले को कुल 12 आधुनिक डायल-112 वाहन मिले हैं।
इन वाहनों को जिले के 10 थाना क्षेत्रों और डायल-112 कार्यालय में तैनात किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, वाहन अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर संचार व्यवस्था से लैस हैं, जिससे घटनास्थल तक तुरंत पहुंचकर राहत और सुरक्षा कार्य किया जा सकेगा।
सड़क हादसे, महिला अपराध, मारपीट, विवाद और अन्य आपातकालीन घटनाओं में अब नागरिकों को तेज और प्रभावी पुलिस सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों को बेहतर रिस्पांस और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार…इन हाईटेक वाहनों के शुरू होने से जिले में पुलिस रिस्पांस और मजबूत होगा। आम नागरिकों को आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सकेगी।
धमतरी पुलिस की यह नई पहल जिले में कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।