CG – अपनों ने की क्रूरता की हदें पार : बड़े भाइयों और भाभी ने जंजीर से बांध कर रखा, युवक को जिंदगी से बेहतर लगी मौत, फांसी लगाकर दे दी जान…..

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ सारंगढ़ के ग्रामीण इलाके से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर गांव में बड़े भाइयों और भाभी ने प्रताड़ना की सारी सीमा लांघ दी, और वह भी केवल रुपये के लालच में। अपनों के प्रताड़ना के शिकार 28 वर्षीय युवक नितेश कुमार बनज पिता स्वर्गीय कौशल प्रसाद बनज ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है।
युवक को दो माह से जंजीरों से बांध कर एक कमरे में ताला बंद कर रखा गया था। उसे ठीक से खाना भी नहीं दिया जा रहा था, जब भी युवक खाना मांगता उसके साथ गाली- गलौज और मारपीट की जाती रही। अर्धनग्न हालत में युवक के हाथ और पैरों को जंजीरों से बांध दिया गया था। उसकी कुछ तस्वीरें ग्रामीणों के हाथ लगी हैं, तस्वीर देखकर ग्रामीण भड़क उठे हैं।
बताया जाता है कि युवक और उसके बड़े भाइयों के बीच पिताजी की मौत के बाद मिलने वाली राशि को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते ही युवक को प्रताडि़त किया जाने लगा। पुलिस के अनुसार उसके बड़े भाई रोशन बनज, सतीशचंद्र बनज और उसकी भाभी अश्वनी बनज ने उसे पागल घोषित कर दिया था। मानसिक रोगी बता कर उसे कमरे में न केवल बंद कर दिया गया, बल्कि उसे जंजीरों से बांध भी दिया गया था। कमरे के अंदर भी उसके साथ लगातार मारपीट की जाती रही, भूखा रखा जाता रहा। आखिरकार उसने अपने सोने के लिए मिली चादर को ही फाड़ कर रस्सी बनाई और उस पर लटक कर अपनी जान दे दी। युवक लगातार प्रताड़ना से परेशान हो गया था और उसने मौत की शरण लेना ज्यादा सही समझा।
पुलिस जांच में साबित
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जा चुका है। बयानों और गवाहों के अनुसार भाइयों और भाभी को सामूहिक रूप से आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में, आरोपियों रोशन बनज, सतीशचंद्र बनज और अश्वनी बनज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



