CG इबोला अलर्ट : कांगो, युगांडा और इथियोपिया से लौटे 3 यात्रियों पर इबोला वायरस का खतरा! रखा गया 21 दिन के आइसोलेशन में…..

दुर्ग। देशभर में इबोला वायरस को लेकर बढ़ी चिंताओं के बीच दुर्ग जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इथियोपिया, युगांडा और कांगो से आए 3 संदिग्धों के जिले में पहुंचने की सूचना मिली है। केंद्र से जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि संदिग्धों को जल्द ढूंढकर होम आइसोलेशन में रखा जाए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल तीनों यात्री पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनमें संक्रमण का कोई लक्षण नहीं पाया गया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, इन यात्रियों में एक महिला 31 मई को कांगो से दुर्ग पहुंची थी, जबकि दो अन्य यात्री 2 जून को इथोपिया और युगांडा से भिलाई लौटे हैं। एयरपोर्ट पर हुई अनिवार्य क्लिनिकल स्क्रीनिंग के दौरान इनमें संक्रमण का कोई संकेत नहीं मिला था। साथ ही, किसी भी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने का कोई इतिहास भी सामने नहीं आया है।
प्रशासन की विशेष निगरानी व्यवस्था
अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, इन यात्रियों को 21 दिनों तक सख्त निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम प्रतिदिन सुबह-शाम फोन के माध्यम से उनके स्वास्थ्य का अपडेट ले रही है। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने ‘रैपिड रिस्पांस टीम’ को सक्रिय कर दिया है। इस टीम में जिला सर्विलेंस अधिकारी, टीकाकरण अधिकारी, मलेरिया अधिकारी और महामारी विशेषज्ञ शामिल हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।



