धमतरीनगरी

विश्व पर्यावरण दिवस पर नगरी में 100 पौधों का रोपण, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प…!

धमतरी नगरी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग नगरी द्वारा काष्ठागार सेक्टर-05 में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिहावा विधायक अंबिका मरकाम रहीं। उनके साथ पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत सिंह छाबड़ा, भाजपा मंडल महामंत्री कमल डागा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम प्रीति दुर्गम, एसडीओपी विपिन रंगारी, उप वन मंडल अधिकारी संजय रौतिया तथा वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए।

इस अवसर पर आंवला, सिरस, बेल, करंज, आम सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 100 पौधों का रोपण किया गया। सभी अतिथियों ने स्वयं पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को मजबूत करने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने का संकल्प लिया। “एक पेड़ मां के नाम” और “हर पौधा – एक जीवन” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराया गया।

Related Articles

Back to top button