CG – तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का बस्तर संभागीय सम्मेलन एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न…

तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का बस्तर संभागीय सम्मेलन एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न।
मुख्य अतिथि श्री किरण सिंह देव ने कहा सरकार के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं को अवगत करायेंगे।
संघ का अगले वर्ष प्रांतीय अधिवेशन बस्तर में कराने की सहमति
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का बस्तर संभागीय सम्मेलन एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ किरण सिंह देव। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में संघ के मुख्य संरक्षक पी . आर . यादव एवं जी . आर . चन्द्रा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संघ के मुख्य संरक्षक पी.आर. यादव ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्य अतिथि किरण सिंह देव जी को राज्य सरकार के समक्ष कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों से संबंधित मोदी की गारंटी के वादों को पूरा करना चाहिए तथा शासकीय कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा जो कि बजट में स्वीकृत किया जा चुका है उसे कर्मचारियों के समक्ष रखा जाना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश महामंत्री गजेन्द्र श्रीवास्तव ने कर्मचारियों की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा। बस्तर जिला अध्यक्ष संजय चौहान ने सभी उपस्थित कर्मचारियों का स्वागत किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।और उन्होंने भरी सभा में घोषणा की कि संघ का अगले वर्ष 2027 में 9वा प्रांतीय अधिवेशन बस्तर में कराने की जिम्मेदारी ली।

सम्मेलन में बिलासपुर से प्रान्तीय महामंत्री हिमांचल साहू,पेंशनर श्री श्रीवास्तव तथा बीजापुर जिला अध्यक्ष बी . राजा बाबू , दंतेवाड़ा जिला अध्यक्ष दिलीप शर्मा एवं कांकेर जिला अध्यक्ष हिरेश नायक सहित संभाग के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी बस्तर जिले के विकासखंड बस्तर अध्यक्ष रमेश शुक्ला, बकावण्ड अध्यक्ष दिलीप बिसाई,जगदलपुर विकासखंड अध्यक्ष संजय वैष्णव,बस्तानार विकासखंड अध्यक्ष संतोष राजपूत ,कोषाध्यक्ष राम प्रभाकर मिश्रा सहित सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नव निर्वाचित जिला पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई तथा कर्मचारियों के अधिकारों, लंबित मांगों, महंगाई भत्ता, पदोन्नति, वेतन विसंगति एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन बस्तर संभाग अध्यक्ष अतुल शुक्ला और आभार प्रदर्शन महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नीलम मिश्रा के द्वारा किया गया।



