CG – शिक्षक गिरफ्तार : फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाकर बेटी को दिलाया था मुफ्त प्रवेश, अब सलाखों के पीछे पहुंचा शिक्षक, कोर्ट ने भेजा जेल……

जशपुर। जिले की पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। शिक्षक पर आरोप है कि फर्जी तरीके से अपनी आमदनी छुपा आय प्रमाण पत्र बनवाया था। पत्थलगांव पुलिस ने फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाकर अपनी पुत्री का निःशुल्क प्रवेश कराने वाले एक शासकीय शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जामझोर निवासी चमर साय पैकरा (41 वर्ष), जो एक शासकीय शिक्षक है, ने अपनी वास्तविक आय छिपाकर मात्र 75 हजार रुपये वार्षिक आय का प्रमाण पत्र बनवाया। इसके साथ ही उसने मिथ्या शपथ पत्र प्रस्तुत कर अपनी पुत्री का प्रवेश पंडित जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा छठवीं में निःशुल्क करा लिया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पत्थलगांव थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त वेतन अभिलेखों में आरोपी की वार्षिक आय लगभग 6.79 लाख रुपये पाई गई। वहीं आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों से यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने स्वयं को कृषक बताकर अपनी वास्तविक आय छिपाई और शासन की योजना का अनुचित लाभ हासिल किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के इस कृत्य से योजना के वास्तविक पात्र, गरीब और प्रतिभावान विद्यार्थियों के अवसर प्रभावित हुए हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए बनाई गई योजना का लाभ गलत तरीके से प्राप्त कर उसने शासन को गुमराह किया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पत्थलगांव थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने 30 मई को आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।



