छत्तीसगढ़

CG – एसीबी का बड़ा एक्शन… 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते कलेक्ट्रेट का बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार, कार्रवाई से मचा हड़कंप…..

रायगढ़। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रायगढ़ कलेक्ट्रेट की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सर्पदंश से हुई मौत के मामले में शासन की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि जारी कराने के लिए उसने हितग्राही से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

एसीबी के अनुसार, आरोपी ने रिश्वत की रकम सुनिश्चित करने के लिए हितग्राही से 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक भी बतौर गारंटी लिया था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बुलाकी, तहसील पुसौर निवासी विजय सिदार ने ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की पत्नी रामकुमारी की वर्ष 2023 में सर्पदंश से मौत हो गई थी। शासन की योजना के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए राजस्व विभाग में आवेदन किया गया था। मुआवजा प्रकरण रायगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय में लंबित था।

शिकायत के मुताबिक, मुआवजा राशि जल्द बैंक खाते में जमा कराने के लिए शिकायतकर्ता कलेक्ट्रेट कार्यालय रायगढ़ की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार से मिला। आरोप है कि बाबू ने मुआवजा राशि बैंक खाते में डलवाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की और कहा कि मुआवजा राशि मिलने के बाद रकम लाकर देनी होगी। इसके साथ ही उसने गारंटी के तौर पर 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक देने को कहा।

शिकायतकर्ता रिश्वत के रूप में चेक देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB ने 28 जुलाई को ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय रायगढ़ की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा के बाबू राजकुमार सिदार को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक लेते हुए पकड़ा गया।

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। ACB के अनुसार, बिना नकद रकम बरामद हुए रिश्वत की मांग के मामले में गारंटी के तौर पर हस्ताक्षरित चेक मांगने और उसे लेते हुए आरोपी के पकड़े जाने का यह पहला मामला बताया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button