CG- ब्लाइंड मर्डर से उठा पर्दा: जिस प्रेमी के साथ जीने-मरने की खाई थी कसमें, उसी का गला घोंटकर प्रेमिका ने उतारा मौत के घाट…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले की सीपत पुलिस ने ब्लांइड मर्डर से पर्दा उठा दिया है। दरअसल पूरा मामला प्रेमी और प्रेमिका के बीच उपजे शंका को लेकर है। शराब के नशे में धुत प्रेमी ने प्रेमिका पर लांछन लगाते हुए गला दबाने की कोशिश की, इसी बीच गुस्साई प्रेमिका ने हाथ छुड़या और प्रेमी का गला दबा दिया, गला दबाते ही मौत हो गई।
सीपत पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए प्रेमी की हत्या के के आरोप में उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के दौरान प्रेमिका ने अपने ही प्रेमी का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव घर के पीछे बाड़ी में छोड़ दिया था। आरोपी महिला को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करने के बाद ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है
पुलिस के अनुसार, ग्राम कौड़िया निवासी दुर्गा प्रसाद पटेल ने 29 जुलाई को सीपत थाने में सूचना दी कि चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर की बाड़ी में मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर सीन ऑफ क्राइम (फॉरेंसिक) टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला गला दबाकर हत्या का लगा। पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक चंद्रप्रकाश पटेल का ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वशी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30) के साथ बीते दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी दिन उर्वशी अपनी स्कूटी से चंद्रप्रकाश के घर पहुंची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब के नशे में चंद्रप्रकाश ने उर्वशी पर चरित्र शंका करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर चंद्रप्रकाश ने महिला का गला दबाने का प्रयास किया।
बचाव में उर्वशी ने भी उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वह शव को घर की बाड़ी में छोड़कर मौके से फरार हो गई। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी उर्वशी दास महंत उर्फ चुलबुल दास को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।



