CG – कांग्रेस का बड़ा एक्शन, पार्षद को पार्टी से दिखाया बाहर का रास्ता, इस वजह से की कार्रवाई…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने बड़ा एक्शन लिया है, पार्टी ने लूट की सनसनीखेज वारदात में शामिल कांग्रेस पार्षद ओम प्रकाश साहू को निलंबित कर दिया है। दरअसल छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 50 लाख के गबन मामले में पुलिस ने कंपनी के ड्राइवर समेत 7 लोगोें को बीते सोमवार को गिरफ्तार किया था। आरोपियों में बिरगांव नगर निगम के कांग्रेसी पार्षद ओमप्रकाश साहू भी शामिल है। ओमप्रकाश साहू ने गबन के रूपए को छुपाने में मदद की थी।
अब इस मामले में रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने बड़ी कार्रवाई की है। राजेंद्र पप्पू ने ओम प्रकाश साहू को पार्टी से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले को लेकर निष्पक्ष जांच के लिए समिति का गठन किया गया है। समिति इस मामले में प्रकाश साहू की भूमिका की गहनता से जांच करेंगी और पार्टी को रिपोर्ट सौंपेगी।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नगदी का बंटवारा होने के बाद गबन की रकम को किसी ने नाली तो किसी ने झोपड़ी के खपरा के नीचे छुपाया था। एक आरोपी ने नगदी को झील्ली में लपेटकर नाली के अंदर गड्ढा खोदकर दबा दिया था। ड्राइवर अपने हिस्से की नगदी को बिरगांव नगर निगम के कांग्रेसी पार्षद ओमप्रकाश साहू को छुपाने के लिए दिया था।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, पीड़ित अखिलेश ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 अप्रैल की दोपहर लगभग 3ः30 बजे उसके जीजा उमेश अग्रवाल ने उसे फोन कर बताया कि वह पारिवारिक कार्य से शहर से बाहर है। उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे उनका ड्राइवर कृष्णा साहू और एकाउंटेंट भूपेन्द्र देवांगन कम्पनी की कार (एमजी विंडसर क्रमांक सी जी/04/क्यू जी/6633) में कचना रायपुर से लगभग 50 लाख रुपये लेकर बैंक बंद होने के कारण देवपुरी स्थित निवास की ओर जा रहे थे।
रास्ते में करीब 3ः15 बजे गीतांजली नगर स्थित भारत माता मूर्ति के पास ड्राइवर कृष्णा साहू ने गुटखा लेने के बहाने भूपेन्द्र देवांगन को कार से उतार दिया। जैसे ही भूपेन्द्र गुटखा खरीदने उतरा, कृष्णा साहू कार सहित उसमें रखे नगद 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। भूपेन्द्र द्वारा शोर मचाने और फोन करने के बाद भी वह नहीं रुका।
घटना के बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी कृष्णा साहू के विरूद्ध थाना खम्हारडीह रायपुर में अपराध क्रमांक 136/26 धारा 316(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना को पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर एवं पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं सायबर) स्मृतिक राजनाला द्वारा गंभीरता से लिया गया। पुलिस को तत्काल जाँच कर आरोपी को गिरफ्तार करने निर्देश दिए गया।
थाना प्रभारी खम्हारडीह मानसी नानाभाउ साकोरे (IPS) व थाना प्रभारी मुजगहन अमित कोसिमा (रा.पु.से.) के नेतृत्व में एण्टी क्राईम व साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा प्रार्थी व कंपनी के एकाउंटेंट भूपेन्द्र देवांगन से पूछताछ करने पर आरोपी कृष्णा साहू के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
टीम के सदस्यों द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से जाँच की गई। फुटेज के आधार पर ही आरोपी के भागने के रास्तों में नाकेबंदी कर उसके मूवमेंट को ट्रैक किया गया।
इसी दौरान आरोपी कृष्णा साहू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने परिवार के सदस्यों व अन्य साथियों के साथ मिलकर योजना के तहत घटना को अंजाम दिया था। गबन की गई राशि को स्वयं, अपने रिश्तेदारों व साथियों में बांट दिया था। पूछताछ के बाद 1 महिला व 6 पुरुष सहित 7 आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के विरूद्ध धारा 306, 3(5) बीएनएस जोड़ी जाकर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी
01. कृष्णा साहू पिता स्व. हुलास राम साहू उम्र 30 साल निवासी ग्राम चुचरूंगपुर थाना मगरलोड जिला – धमतरी। हाल पता – ब्लॉक नंबर 16, मकान नं0- 25 बीएसयूपी कालोनी ढेबर सिटी के पास थाना टिकरापारा जिला रायपुर।
02. कन्हैया राणा पिता नंदलाल राणा उम्र 32 साल निवासी ग्राम परसदा थाना बागबाहरा जिला महासमुंद। हाल पता – वर्मापारा पेट्रोल पम्प के पास सेजबहार थाना मुजगहन जिला रायपुर।
03. सविता साहू पति स्व. दिलीप साहू उम्र 36 साल निवासी रेल्वे क्रासिंग के पास गोगांव सीतानगर थाना गुढियारी जिला रायपुर।
04. भुनेश्वर साहू पिता स्व. कुमार साहू उम्र 37 साल निवासी ग्राम कमरौद थाना मगरलोड जिला- धमतरी। हाल पता- वार्ड नं0- 12 श्रीराम चौक सुंदर नगर रावाभांठा थाना खमतराई जिला रायपुर।
05. ओम प्रकाश साहू पिता मुन्ना लाल साहू उम्र 38 साल निवासी- नीम चौक वार्ड नंबर 12 रावाभांठा थाना खमतराई जिला रायपुर।
06. विष्णु प्रसाद पटेल पिता कन्हैया लाल पटेल उम्र 34 साल निवासी ग्राम हल्दी थाना नंदनीनगर अहिवारा जिला दुर्ग।
07. टीकम पटेल पिता लेखन पटेल उम्र 25 साल निवासी ग्राम हरदी पोस्ट सेमरिया थाना नंदनीनगर जिला दुर्ग।



