छत्तीसगढ़

CG – बिस्तर में छिपा था काल, छह वर्षीय बच्ची को बनाया शिकार, अस्पताल में इलाज के दौरान हुई दर्दनाक मौत…..

कोरबा। छत्तीसगढ़ कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के आमाखोखरा गांव से सर्प दंश का मामला सामने आया है। जहां बिस्तर में छिपे जहरीले करैत के डसने से छह वर्षीय मासूम सान्वी कंवर की मौत हो गई। सोते समय सांप ने बच्ची के कान और हाथ को डस लिया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

आमाखोखरा निवासी किरण सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। रोजी-मजदूरी के साथ वह खेती-किसानी भी करते हैं। भोजन के बाद सोने चले गए। छह वर्षीय सान्वी अपने पिता के साथ बिस्तर पर सो रही थी, मां दूसरे बच्चे के साथ दूसरे कमरे में थी।

रात करीब एक बजे सान्वी दर्द से चीखते हुए उठी। उसके कान और हाथ पर डसने के निशान थे। शुरुआत में परिजन को लगा कि किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया है, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और सर्पदंश की आशंका हुई। परिजन उसे तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सान्वी के पिता किरण सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्हें लगा कि सांप बाहर निकल गया होगा, लेकिन बाद में देखा तो जहरीला करैत उसी बिस्तर पर लिपटा हुआ था। आशंका है कि सांप पहले से ही बिस्तर में छिपा हुआ था और अंधेरे में किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि बरसात के मौसम में करैत और अन्य जहरीले सांप अक्सर घरों में घुस जाते हैं। ऐसे मौसम में सोने से पहले बिस्तर की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए और हमेशा मच्छरदानी लगाकर सोना चाहिए। उन्होंने कहा कि सर्पदंश होने पर झाड़फूंक के बजाय बिना समय गंवाए मरीज को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button