छत्तीसगढ़

CG – स्कूल में छात्र की अजीब हरकत से मचा हड़कंप, 12 से अधिक बच्चों को काटा, तीन साल पहले हुआ था कुत्ते का शिकार, स्कूल में फैली दहशत……

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में सरकारी स्कूल सिलौटी के एक छात्र को रेबीज होने की सनसनीखेज खबर से स्कूल में हड़कंप मच गया है। पढ़ाई के दौरान एक छात्र का व्यवहार अचानक असामान्य हो गया और उसने अपने ही सहपाठियों को काटना शुरू कर दिया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को एहतियात के तौर पर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है, जबकि संबंधित छात्र को जिला अस्पताल भेजकर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना उस समय हुई जब स्कूल में नियमित कक्षाएं संचालित हो रही थीं। अचानक छात्र ने अपने आसपास मौजूद बच्चों पर हमला कर उन्हें काटना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख शिक्षकों और स्कूल स्टाफ ने तत्काल हस्तक्षेप कर छात्र को अन्य बच्चों से अलग किया और हालात पर काबू पाया।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम स्कूल पहुंची। घायल छात्रों का प्राथमिक उपचार कराया गया तथा संभावित संक्रमण से बचाव के लिए सभी को एंटी-रेबीज वैक्सीन दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित छात्र को करीब तीन वर्ष पहले एक कुत्ते ने काटा था और उस समय चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उसे रेबीज से बचाव के सभी आवश्यक टीके लगाए गए थे। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान घटना का उस पुराने मामले या रेबीज संक्रमण से कोई संबंध है, इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। छात्र के व्यवहार में आए अचानक बदलाव के कारणों की चिकित्सकीय जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button