नगरी को नगर पालिका बनाने की मांग तेज, मुख्यमंत्री साय ने दिया सकारात्मक आश्वासन

जनप्रतिनिधियों ने सीएम और विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा मांग-पत्र, 20 हजार आबादी और बढ़ती जरूरतों का दिया हवाला
धमतरी/नगरी। नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम के नेतृत्व में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर मांग-पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पार्षद अश्विनी निषाद, शंकरदेव और राजा पवार शामिल रहे। उन्होंने बताया कि नगरी नगर पंचायत की आबादी लगभग 20 हजार तक पहुंच चुकी है। धमतरी, कांकेर और गरियाबंद जिला मुख्यालयों के साथ ओडिशा सीमा के मध्य स्थित होने के कारण नगरी क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण नगर बन चुका है। ऐसे में बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए नगर पालिका का दर्जा दिया जाना जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नगर पालिका बनने से आधुनिक बस स्टैंड, खेल मैदान, तालाबों का सौंदर्यीकरण, सड़क विकास सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा, जिससे नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगरी को नगर पालिका का दर्जा देने की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर के अधोसंरचनात्मक विकास के लिए भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में नगरी के विकास को नई गति मिलेगी और नगर के सर्वांगीण विकास का नया अध्याय शुरू होगा।