CG – फर्जी पत्रकारों की कथित वसूली से परेशान होकर सरपंच संघ ने एसपी कार्यालय पहुंचकर किया शिकायत दर्ज…

फर्जी पत्रकारों की कथित वसूली से परेशान सरपंच संघ पहुंचा एसपी कार्यालय
जगदलपुर। जगदलपुर जिले में कथित फर्जी पत्रकारों द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों से अवैध वसूली और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर सरपंच संघ जिला बस्तर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी शलभ कुमार सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में सरपंचों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग स्वयं को पत्रकार बताकर पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं। ये तथाकथित पत्रकार पंचायत प्रतिनिधियों पर दबाव बनाकर विज्ञापन और खबरें प्रकाशित नहीं करने के नाम पर हजारों रुपये की मांग कर रहे हैं।

सरपंच संघ के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर संबंधित पंचायतों के खिलाफ भ्रामक खबरें, एडिटेड तस्वीरें और अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल की जाती हैं, जिससे उनकी छवि खराब हो रही है। इस तरह की गतिविधियों से पंचायत प्रतिनिधियों में भय और तनाव का माहौल बन गया है, जिसका सीधा असर विकास कार्यों पर भी पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने भी इस मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि झूठी और भ्रामक सूचनाओं के कारण गांवों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार संपर्क कर आर्थिक मांगें की जाती हैं, जिससे प्रतिनिधियों को मानसिक दबाव झेलना पड़ रहा है।
सरपंचों ने पुलिस अधीक्षक को एक सूची भी सौंपी है, जिसमें कथित तौर पर वसूली और दबाव बनाने वाले मोबाइल नंबरों सहित अन्य जानकारियां शामिल हैं। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता का सम्मान करते हैं, लेकिन पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली, धमकी और प्रताड़ना जैसी गतिविधियां कतई स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर उन्हें राहत दिलाने की अपील की है।


