जैतपुरी कांड पर गरमाई सियासत, आकाश शर्मा, बोले- आदिवासियों के सम्मान से समझौता नहीं,युवा कांग्रेस करेगी प्रदेशभर में प्रदर्शन…

धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र के जैतपुरी गांव में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर आदिवासी ग्रामीणों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर सियासत गरमा गई है।
मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने तीखा विरोध जताया है। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा जैतपुरी पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित ग्रामीणों और आदिवासी परिवारों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान आकाश शर्मा ने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी हितैषी होने का दावा करने वाली सरकार के शासनकाल में आदिवासियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
युवा कांग्रेस ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषी अधिकारियों, संबंधित DFO और कर्मचारियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि पीड़ित ग्रामीणों को जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने 23 मई को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा भी की है।