CG में प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल,4,999 रुपए में एंट्री,पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन, पुलिस ने शुरू की जांच…

डेस्क : राजधानी रायपुर में एक बार फिर सोशल मीडिया पर कथित प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल होने के बाद हलचल मच गई है। पोस्टर में 4,999 रुपए की एंट्री फीस लेकर किसी गोपनीय स्थान पर पूल पार्टी आयोजित करने का दावा किया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन की बात
वायरल पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन की बात कही गई है। साथ ही इसमें सीमित संख्या में मेहमानों को एंट्री देने का दावा किया गया है। पोस्टर के अनुसार, पार्टी की लोकेशन सार्वजनिक नहीं की जाएगी और एंट्री फीस का भुगतान करने के बाद ही आयोजन स्थल की जानकारी संबंधित लोगों के साथ साझा की जाएगी।
पोस्टर में जगह का नाम नहीं
पोस्टर में आयोजन स्थल का नाम या पता नहीं दिया गया है। इसी कारण पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पोस्टर वास्तविक है या केवल प्रचार के उद्देश्य से तैयार कर प्रसारित किया गया है।
पोस्टर शेयर करने वालों की जांच जारी
जांच के दौरान पुलिस पोस्टर शेयर करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स और उनसे जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि यदि इस तरह का कोई आयोजन प्रस्तावित है, तो उसके लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई है या नहीं। पुलिस आयोजन स्थल और आयोजकों की पहचान करने का भी प्रयास कर रही है।
बजरंग दल ने जताई आपत्ति
इस बीच, कथित पूल पार्टी को लेकर बजरंग दल ने भी आपत्ति जताई है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि रायपुर में पहले भी इस तरह के आयोजनों से जुड़े पोस्टर सामने आ चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकार का कोई आयोजन किया गया, तो उसका विरोध किया जाएगा।



