धमतरी

बाढ़ आपदा से निपटने प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने तैयारियों की ली विस्तृत समीक्षा,जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय, सेना ने भी लिया तैयारियों का जायजा…

धमतरी…आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की तैयारियों का व्यापक आकलन किया गया।

बैठक में आर्मी के मेजर श्री ऋत्विक सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहरी, डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज मरकाम, सीएमएचओ डॉ. कौशिक, कार्यपालन अभियंता श्री अनिल सोनी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री चहल, नगर निगम के उपायुक्त श्री पी.सी. सारवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिले के सभी तहसीलों के तहसीलदार उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जा चुके हैं और सभी विभागों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

इस दौरान मेजर ऋत्विक सिंह ने जिले में उपलब्ध संसाधनों एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बीते वर्षों में बाढ़ से प्रभावित रहे गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की आशंका होने पर सेना को पूर्व सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक सहायता और संसाधनों की समय रहते व्यवस्था की जा सके। उन्होंने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाले उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की।

बैठक में बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित होने वाले ग्रामों की पहचान, पेयजल व्यवस्था, बांधों एवं नहरों की सतत निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन, वर्षामापक यंत्रों के संधारण, दुर्गम क्षेत्रों में खाद्यान्न भंडारण, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सा दलों की तैनाती, प्रमुख पुल-पुलियों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं, वायरलेस संचार सुविधा, मोटर बोट एवं नावों की उपलब्धता, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति की सुरक्षा तथा पशुधन संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागों को मानसून अवधि के दौरान पूर्ण सतर्कता बनाए रखने तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button