धमतरीनगरी

हाईस्कूल मैदान में तय था पटाखा बाजार, फिर मेन रोड पर क्यों सजीं दुकानें, नगरी में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल, क्या हादसे का इंतजार कर रहा नगर?

हाईस्कूल मैदान में 36 दुकानों की व्यवस्था और एनओसी के बावजूद मुख्य मार्ग पर सजीं पटाखों की दुकानें, अवैध भंडारण की भी आशंका; फायर ब्रिगेड तक नहीं, फिर किस भरोसे चल रहा बारूद का व्यापार?

धमतरी नगरी। दीपावली की खुशियों के बीच नगरी नगर में बारूद का कारोबार लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनता नजर आ रहा है। प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा नियमों का पाठ पढ़ाया, बैठक लेकर सख्त हिदायतें दीं और बिक्री के लिए निर्धारित स्थान भी तय किया, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। नगर के मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर खुलेआम पटाखों की दुकानें सज गई हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखों की बिक्री और कथित अव्यवस्थित भंडारण ने एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है- क्या नगरी प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा? जिसमें

एसडीएम मनोज मरकाम और एसडीओपी विपिन रंगारी ने पटाखा कारोबारियों की त्योहार से पहले बैठक लेकर साफ निर्देश दिए थे कि लाइसेंस की शर्तों का पालन अनिवार्य होगा। नगर पंचायत द्वारा निर्धारित स्थान पर ही दुकानें संचालित होंगी और सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद मुख्य मार्गों पर पटाखों की बिक्री होते दिखाई देना प्रशासनिक निर्देशों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

मैदान में दुकानों लगाने की व्यवस्था फिर भी मेन रोड पर कारोबार क्यों?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल नगर पंचायत की व्यवस्था को लेकर है। पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन के लिए हाईस्कूल मैदान में स्थान निर्धारित कर दुकानों की व्यवस्था की गई थी। मकसद साफ था कि पटाखों की बिक्री भीड़भाड़ वाले बाजार और मुख्य मार्गों से दूर एक निर्धारित सुरक्षित स्थान पर हो। लेकिन इसके बावजूद कुछ कारोबारी निर्धारित मैदान के बजाय मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर दुकानें लगाकर पटाखे बेचते नजर आ रहे हैं।

जब दुकानों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया था, तो फिर मुख्य मार्ग पर दुकानें संचालित करने की छूट किसने दी?
क्या ऐसे कारोबारियों के लाइसेंस और अनुमति की जांच की जा रही है? आखिर निर्धारित व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी किसकी है?

गोदामों की जांच हुई तो खुल सकते हैं कई राज!

पटाखों की दुकानों के साथ-साथ इनके भंडारण की व्यवस्था भी जांच के दायरे में होनी चाहिए। नगर में कुछ कारोबारियों द्वारा कथित तौर पर निर्धारित अनुमति से इतर स्थानों पर पटाखे रखने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन को कारोबारियों के गोदामों, भंडारण स्थलों और लाइसेंस में दर्ज पते की जांच करनी चाहिए। यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि जहां पटाखे रखे जा रहे हैं, वहां सुरक्षा के निर्धारित इंतजाम मौजूद हैं या नहीं।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वैध लाइसेंस दुकान में प्रदर्शित किया जाए, केवल स्वीकृत स्थान पर ही पटाखों की बिक्री और भंडारण हो, प्रतिबंधित पटाखों का कारोबार न किया जाए तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए। दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखना, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखना, धूम्रपान पर रोक और बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखना भी अनिवार्य बताया गया था। लेकिन सवाल यह है कि इन निर्देशों की जमीनी स्तर पर कितनी निगरानी हो रही है?

फायर ब्रिगेड नहीं, फिर आग लगने पर क्या होगा?

नगरी नगर पंचायत क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध नहीं होना चिंता को और बढ़ा देता है। पटाखों के कारोबार में छोटी सी चिंगारी भी बड़ी आग का रूप ले सकती है। ऐसे में यदि मुख्य मार्ग की किसी दुकान या भंडारण स्थल पर आगजनी की घटना हो जाए, तो तत्काल राहत और बचाव कार्य बड़ी चुनौती बन सकता है। भीड़भाड़, वाहनों की आवाजाही और आसपास की दुकानों के बीच आग फैलने का खतरा भी बना रहेगा।

जब नगर में अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था ही उपलब्ध नहीं है, तब पटाखा कारोबारियों के लिए सुरक्षा नियमों का पालन और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है। इसके बावजूद यदि दुकानों में अग्निशमन उपकरण और जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं, तो यह स्थिति बेहद गंभीर है।

अधिकारियों की चेतावनी का अब क्या होगा?

एसडीएम मनोज मरकाम ने स्पष्ट किया था कि पटाखा बिक्री में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं एसडीओपी विपिन रंगारी ने निर्धारित स्थान के बाहर दुकान संचालित करने वाले कारोबारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की बात कही थी।

अब सवाल केवल पटाखा दुकानों का नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा का है। जब प्रशासन ने बैठक लेकर निर्देश दिए, हाईस्कूल मैदान में दुकानें लगाने की व्यवस्था की और कार्रवाई की चेतावनी भी दी, तो फिर नियमों की अनदेखी कैसे जारी है?

क्या मुख्य मार्ग पर दुकान लगाने वाले कारोबारियों की जांच होगी? क्या बिना सुरक्षा इंतजाम के पटाखे बेचने वालों पर कार्रवाई होगी?

दीपावली रोशनी और खुशियों का त्योहार है, बारूद के बीच जिंदगी दांव पर लगाने का नहीं। प्रशासन को किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना तत्काल निरीक्षण और कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि हादसे के बाद जांच और मुआवजे से बेहतर है कि समय रहते खतरे को रोका जाए।

वहीं एसडीएम मनोज मरकाम में कहा कि थाना नगरी टीआई को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देशित कर दिया गया है

Related Articles

Back to top button