CG – जंगली सूअर का शिकार करने बिछा रहे थे करंट, तभी जाल में फंसने से युवक की मौत, चार गिरफ्तार गिरफ्तार…..

जांजगीर। छत्तीसगढ़ जांजगीर जिले के थाना बलौदा क्षेत्र के छाता जंगल में जंगली सूअर के शिकार के लिए करंट का जाल बिछाने के दौरान एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ग्राम लेवई निवासी वीरेंद्र बंजारे उर्फ भोलू, रामसिंह उर्फ नानदाऊ, अक्षय बंजारे, मुकेश खुटे एवं अनिल लहरे छाता जंगल (खिसोरा के पास) में जंगली जानवरों के शिकार के लिए गए थे। जंगल में खुले जीआई तार बिछाकर उसमें करंट बिछाने की योजना बनाई गई थी। करंट बिछाने के लिए अनिल लहरे को बिजली खंभे पर चढ़ाया, 11 केवी लाइन से तार जोड़ने को कहा । लकड़ी के डंडे के सहारे तार जोड़ते समय अचानक करंट लगने से अनिल लहरे नीचे गिर गया। घटना के बाद साथी घबरा गए और परिजनों को सूचना दी। घायल अनिल को तत्काल शासकीय अस्पताल बलौदा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिना सुरक्षा उपकरण के हाई वोल्टेज लाइन से छेड़छाड़ करना जानलेवा हो सकता है, यह पता होने के बावजूद उन्होंने लापरवाही बरतते हुए अनिल को खंभे पर चढ़ाया। थाना बलौदा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 106(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 135 विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों वीरेंद्र बंजारे (30), रामसिंह उर्फ नानदाउ (55), अक्षय बंजारे (31) एवं मुकेश खुटे (36) को उनके घर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



