छत्तीसगढ़धमतरी

CG – जनदर्शन में मचा हड़कंप,इच्छामृत्यु की मांग लेकर पहुंचा परिवार, युवक ने खुद पर डाला केरोसिन..!

धमतरी कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अधिकारियों के सामने खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया। युवक अपने परिवार के साथ इच्छामृत्यु की मांग लेकर जनदर्शन में पहुंचा था। समय रहते सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आखिर क्या है पूरा मामला, देखिए यह रिपोर्ट।

मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में जनदर्शन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड निवासी रोहित सोनी अपने परिवार के साथ पहुंचे और प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखीं। युवक का आरोप है कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।

रोहित सोनी ने भाजपा पार्षद निलेश लूनिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके घर के सामने गड्ढा खोदकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे परिवार को आने-जाने में परेशानी हो रही है। साथ ही मकान निर्माण कार्य में भी बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज रोहित सोनी अपने परिवार के साथ इच्छामृत्यु की मांग लेकर जनदर्शन में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अधिकारियों के सामने खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया। घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

हालांकि मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को आत्मदाह करने से रोक लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल जनदर्शन में हुए इस घटनाक्रम ने प्रशासनिक व्यवस्था और शिकायतों के निराकरण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button