CG – खून से लथपथ मिली युवक की लाश, इलाके में फैली सनसनी, जताई जा रही ये आशंका, जांच में जुटी पुलिस…..

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां नयापारा स्थित गणेश नगर में आज सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिला है। गली के बीचों-बीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची सिरगिट्टी पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बता दें कि मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आज सुबह जब मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली में युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान शव के पास से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद किए हैं। आशंका है कि आरोपियों ने इन्हीं भारी पत्थरों से वार कर युवक की हत्या की है।
मामले में पुलिस को शराबखोरी के बाद हुए आपसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।



