Jannah Theme License is not validated, Go to the theme options page to validate the license, You need a single license for each domain name.
छत्तीसगढ़

CG- आधी रात राहगीर को घेरकर किया हमला, चाकू-डंडे से पीटकर मोबाइल-नकदी लूटी, वाहन में भी की तोड़फोड़; 4 नाबालिग समेत 9 गिरफ्तार…..

रायपुर। गोबरा नवापारा के कुर्रा गांव के पास शनिवार रात एक राहगीर को रोककर मारपीट और लूट की वारदात हुई। आरोपियों ने पहले युवक का रास्ता रोका, फिर गाली-गलौज करते हुए चाकू, डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। जान से मारने की धमकी देने के बाद उसके तूफान वाहन में तोड़फोड़ की और मोबाइल व नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में चार नाबालिग भी शामिल बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम चिल्हाती, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर निवासी रोहित कुमार यादव (40) 29 अगस्त की रात अपने तूफान वाहन CG 04 QR 4710 से धमतरी जा रहे थे। रात करीब 1 बजे ग्राम कुर्रा, गोबरा नवापारा के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

आरोपियों ने वाहन में तोड़फोड़ कर करीब 16 हजार रुपए का नुकसान पहुंचाया। इसके बाद रोहित का मोबाइल फोन और नकदी रकम भी लूट ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रोहित ने 30 अगस्त को गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ और साक्ष्यों से आरोपियों की पहचान

पुलिस ने शिकायत पर अपराध दर्ज किया। मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 296, 115(2), 118(1), 351(2), 310(2), 324(4) और 111 के तहत कार्रवाई की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में सागर साहू (22), निवासी वार्ड नंबर 1 गोबरा बस्ती; चंदन यादव (19), निवासी वार्ड नंबर 21 शीतलापारा नवापारा; टीकम साहू (19), निवासी वार्ड नंबर 14 तर्री; मुकेश नगराची (19), निवासी शीतलापारा नवापारा और घनश्याम निषाद (19), निवासी खेलीपारा नवापारा शामिल हैं।

4 अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया जा रहा

पुलिस के अनुसार, वारदात में चार विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। इन्हें नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड, माना के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस आरोपियों से घटना में इस्तेमाल चाकू और डंडे तथा मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों के साथ-साथ दूसरे तथ्यों की भी पतासाजी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button