CG – राजधानी में बमबारी : महिला के घर पर फेंके बम, अचानक हुए हमले से इलाके में दहशत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस…..

रायपुर। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आधी रात को कुछ आरोपियों ने एक महिला के घर पर बम फेंककर इलाके में दहशत फैला दी। घटना वीर सावरकर नगर, हीरापुर की है जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बमबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच में जुट गई है। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फ़िलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला?
अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, बमबारी का यह पूरा मामला रायपुर के हीरापुर स्थित वीर सावरकर नगर का है। यहां रिंकू तिवारी नामक महिला के घर पर सोनू पटेल नाम के आरोपी और उसके साथियों ने बमबारी की है। इतना ही नहीं आरोपियों ने महिला के घर के बाहर चाकू लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश भी की है। बताया जा रहा है कि, बमबारी करने वाली गैंग में कई नकाबपोश लडकियां भी शामिल है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
बता दें कि, आरोपी सोनू पटेल के परिवार और प्राथिया के बेटे के बीच कई दिनों से रंजिश चल रही है। 6 महीने पहले प्रार्थिया के बेटे शुभम तिवारी ने आरोपी सोनू पटेल की नाबालिग बहन से छेड़छाड़ की थी और इस मामले में शुभम को जेल भी भेजा गया था। शुभम जेल से जमानत पर रिहा हुआ है। इस मामले के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद आरोपी सोनू पटेल और उसके साथियों के खिलाफ कबीर नगर थाना में एफआईआर दर्ज कार ली है।


