छत्तीसगढ़धमतरीनगरी

CG: पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ गांजा तस्करी का आरोपी, अस्पताल से भागने पर मचा हड़कंप,जिलेभर में हाई अलर्ट”

छत्तीसगढ़ धमतरी जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाए गए आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के नागपुर निवासी आरोपी को सिहावा थाना पुलिस ने बुधवार को सांकरा बैरियर के पास गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हिरासत में लिया था।

गुरुवार को न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत आरोपी को मेडिकल मुलाहिजा के लिए नगरी अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस की निगरानी में चूक का फायदा उठाया और अस्पताल परिसर से फरार हो गया। आरोपी के भागने की जानकारी मिलते ही अस्पताल और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया गया। पुलिस की विशेष टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button