CG खाना नहीं बनाया तो पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट…टंगिया, छुरी और तीर से किया हमला,आरोपी पति गिरफ्तार..!

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज; टंगिया, छुरी और तीर बरामद
छत्तीसगढ़ धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ग्राम बाहनापथरा (कांटाकुर्रीडीह) में खाना नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी पर धारदार और घातक हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान सत्या बाई कमार के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी उसका पति राजकुमार कमार, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम बाहनापथरा, कांटाकुर्रीडीह है।
घर की परछी में मिली थी महिला की लाश
पुलिस के मुताबिक, ग्राम कांटाकुर्रीडीह के कोटवार हीरासिंग देवदास ने पुलिस को सूचना दी कि बाहनापथरा कमार डेरा निवासी सत्या बाई कमार अपने घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ी हैं। महिला के माथे, ठुड्डी, भुजा और पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान थे।
सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वह स्टॉप डैम में मछली पकड़ने का जाल देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर उसने पत्नी को घायल अवस्था में पाया, जिसके कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल धमतरी में कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने धारदार एवं वजनी वस्तु से शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर चोट पहुंचाए जाने को मौत का कारण बताया। इसके बाद पुलिस का संदेह हत्या की ओर गहरा गया।
विवेचना के दौरान सरपंच सत्यवान ध्रुव और कोटवार हीरासिंग देवदास के बयान सहित घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पति राजकुमार से कड़ाई से पूछताछ की।
खाना नहीं बनाने पर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मुताबिक, 25 नवंबर की रात खाना नहीं बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने आक्रोश में आकर टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल हथियारों को घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे सफेद बबूल के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में एक लोहे की कुल्हाड़ी (टंगिया), एक छुरी और एक तीर शामिल हैं। इन हथियारों पर खून जैसे दाग पाए गए हैं।
मामले में थाना केरेगांव में अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध दर्ज किया गया। आरोपी राजकुमार कमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू विवाद या आपसी मतभेद की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। विवाद को बातचीत, संयम और समझदारी से सुलझाने का प्रयास करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है।