धमतरी

फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी, 13.30 लाख की साइबर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय आरोपी आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार..!

डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर की थी ठगी, ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो मोबाइल पुलिस ने किया जब्त

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना मगरलोड पुलिस ने फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का भय दिखाकर प्रार्थी से 13 लाख 30 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय आरोपी को आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मामले के अनुसार, दिनांक 21 अगस्त 2025 को शाम लगभग 04:15 से 04:20 बजे के मध्य प्रार्थी के मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर 7661062426 से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को CBI अधिकारी बताते हुए प्रार्थी को मनी लॉन्ड्रिंग के प्रकरण में फंसाने तथा गिरफ्तार करने की धमकी दी।

आरोपी ने केस रफा-दफा करने के नाम पर प्रार्थी पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा करने का दबाव बनाया। आरोपी की धमकी और भय के चलते प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो अलग-अलग बैंक खातों में क्रमशः 5,30,000 रुपये एवं 8,00,000 रुपये, कुल 13,30,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद भी आरोपी द्वारा लगातार और पैसों की मांग किए जाने पर प्रार्थी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 128/2025, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(घ) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर, बैंक खातों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। बैंक खाते की जांच में खाता क्रमांक 17690100074011 आंध्रप्रदेश के कडपा जिले के निवासी शेक घोष बासा के नाम पर होना पाया गया।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमतरी पुलिस की टीम आंध्रप्रदेश पहुंची और आरोपी के निवास स्थान पर धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कराया। इसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए थाना मगरलोड बुलाया गया।

थाना मगरलोड में गवाहों की उपस्थिति में पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के दौरान आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने तथा उक्त रकम से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन खरीदने की बात स्वीकार की।

आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया एक नग वीवो मोबाइल फोन, ई-साक्ष्य सहित, विधिवत जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण…नाम: शेक घोष बासा,पिता: नजीर बासा,उम्र: 32 वर्ष,निवासी: रायचोटी, मेघारा स्ट्रीट, हाउस नंबर 13/175, थाना रायचोटी, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश।

जब्त सामग्री- ठगी की रकम से खरीदा गया एक नग वीवो कंपनी का मोबाइल फोन (ई-साक्ष्य सहित)।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा दिनांक 11 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत किए जाने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों तथा ठगी की शेष रकम के संबंध में पतासाजी की जा रही है। साइबर अपराधियों के नेटवर्क का पता लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा विवेचना लगातार जारी है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अज्ञात व्यक्ति स्वयं को CBI, पुलिस, ED अथवा किसी अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी, मनी लॉन्ड्रिंग या किसी आपराधिक प्रकरण में फंसाने की धमकी देता है, तो घबराएं नहीं।

पुलिस अथवा कोई भी जांच एजेंसी वीडियो कॉल या फोन के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही केस समाप्त करने के नाम पर किसी बैंक खाते में रुपये जमा कराने को कहती है।

साइबर ठगी से बचने के लिए—- किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, OTP या PIN साझा न करें।

– डराने-धमकाने वाले फर्जी कॉल पर विश्वास कर किसी भी बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।

– साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराध के विरुद्ध धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button