नशे के कारोबार पर कुरुद पुलिस का शिकंजा, 416 नशीले कैप्सूल के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत कुरुद पुलिस ने नशीले कैप्सूल की बिक्री करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला कुरुद थाना क्षेत्र के धोबनी तालाब और शंकर मंदिर के पास का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यहां कुछ लोग नशीले कैप्सूल की बिक्री कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया…पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर की दरमियानी रात हुई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 416 नशीले कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और 12 हजार 300 रुपये नगद बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत 46 हजार 54 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुरुद निवासी रेखराम ध्रुव उर्फ दादू, उम्र 29 वर्ष और धोबनीपारा निवासी भानुप्रताप धीवर उर्फ गोलू, उम्र 42 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
