मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य

भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का 01 जनवरी को होगा भूमिपूजन: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश….

रायपुर: 01 जनवरी को छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास को नई दिशा देने वाले भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन होने जा रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल से लगभग 146 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले इस परियोजना का भूमिपूजन केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के करकमलों से संपन्न होगा।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज भोरमदेव मंदिर परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने मुख्य मंच एवं बैठक व्यवस्था, जनसमुदाय के बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, पेयजल सहित आयोजन से संबंधित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, सभापति डॉ वीरेंद्र साहू, कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, एएसपी श्री पुष्पेंद्र सिंह बघेल, एडीएम श्री विनय पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश

भोरमदेव मंदिर परिसर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध है। पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत सड़क, पार्किंग, व्यू प्वाइंट, पर्यटक सुविधा केंद्र, सौंदर्यीकरण एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाए। भोरमदेव कॉरिडोर इसी सोच का परिणाम है, जो आने वाले वर्षों में क्षेत्र की पहचान को और मजबूत करेगा। भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन न केवल नए साल की शुरुआत को खास बनाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा। यह परियोजना राज्य के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

CG ब्रेकिंग : पंडित धीरेंद्र शास्त्री के काफिले की गाड़ी आपस में टकराई, कार में सवार थे पंडित धीरेंद्र शास्त्री और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, ऐसे हुए हादसे के शिकार……

भिलाई। दुर्ग जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पं. धीरेंद्र शास्त्री की कारकेड के सामने एक व्यक्ति आ गया। जिससे अचानक ब्रेक मारने से पीछे की गई गाड़ियां अपास में टकरा गई। हालंकि इस हादसे में गाड़ी में बैठे धीरेंद्र शास्त्री, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा सरोज पाण्डेय समेत सभी लोग सुरक्षित है।

बताया जा रहा है कि अचानक एक युवक गाड़ी के सामने आ गया, जिससे शास्त्री जी की डिफेंडर और दो इनोवा गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। हालंकि राहत की बात ये है कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। कार के अंदर बैठे पंडित धीरेंद्र शास्त्री, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। हादसे के बाद पंडित शास्त्री ने भक्तों से अपील की कि इस तरह की जल्दबाज़ी या जोखिम भरे काम न करें।

डिजिटल टोकन से आसान हुई धान खरीदी, किसानों को मिल रहा सीधा लाभ….

रायपुर: प्रदेश में धान उपार्जन केन्द्रों पर लागू की गई पारदर्शी और डिजिटल व्यवस्था किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। डिजिटल टोकन प्रणाली के चलते धान विक्रय की प्रक्रिया न केवल सरल और सहज हुई है, बल्कि किसानों के समय, श्रम और खर्च में भी उल्लेखनीय बचत हो रही है।

अम्बिकापुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मुडेसा निवासी सीमांत किसान श्री ज्ञानेश्वर प्रसाद वैष्णव ने बताया कि इस वर्ष उनकी धान की फसल बेहतर रही है। उनके पास कुल 45.60 क्विंटल धान था, जिसके लिए उन्होंने किसान तुहंर टोकन ऐप के माध्यम से घर बैठे ही पहला टोकन काटा। डिजिटल व्यवस्था के कारण उन्हें टोकन कटवाने के लिए बार-बार उपार्जन केन्द्र जाने की जरूरत नहीं पड़ी।

श्री वैष्णव ने बताया कि उपार्जन केन्द्र पहुंचते ही उन्हें गेट पास जारी किया गया, नमी परीक्षण किया गया और तत्काल बारदाना उपलब्ध कराया गया। पूरी धान विक्रय प्रक्रिया सुव्यवस्थित रही और किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि केन्द्रों में किसानों के लिए पीने के पानी और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे सुविधाजनक वातावरण मिला।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल का सर्वाधिक समर्थन मूल्य मिल रहा है, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक लाभ हो रहा है। प्राप्त राशि का उपयोग वे गेहूं, तिलहन और सब्जी सहित अन्य फसलों की खेती में कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो रही है।

सीमांत किसान श्री ज्ञानेश्वर प्रसाद वैष्णव ने धान खरीदी की वर्तमान पारदर्शी, डिजिटल और किसान हितैषी व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस व्यवस्था से किसान संतुष्ट और खुश हैं।

राज्यपाल रमेन डेका से विवेकानंद केन्द्र के पदाधिकारियों ने की सौजन्य भेंट….

रायपुर: राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज यहाँ लोकभवन में विवेकानंद केन्द्र कन्याकुमाारी की उपाध्यक्ष पद्मश्री निवेदिता रघुनाथ भिडे एवं राज्य के अन्य पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने केन्द्र की गतिविधियों के संबंध में राज्यपाल को अवगत कराया और आवश्यक सहयोग के लिए अनुरोध किया।

राज्यपाल श्री डेका ने रायपुर स्थित विवेकानंद केन्द्र में संचालित कौशल प्रशिक्षण केन्द्र के लिए 10 कम्प्यूटर प्रदान करने की स्वीकृति दी। इस अवसर पर राज्य संगठक सुश्री रचना जानी, सह प्रांत संगठक सुश्री ऋतुमणि दत्त, नगर संचालक, रायपुर श्री चेतन तारवानी, नगर प्रमुख, रायपुर श्री आशीष दुबे, संपर्क प्रमुख, रायपुर श्री सिद्धार्थ जैन भी उपस्थित थे।

 

CG छुट्टी ब्रेकिंग : कलेक्टर ने तीन स्थानीय अवकाश किया घोषित, जानें कब-कब रहेंगी छुट्टियां….

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के लिए कलेक्टर अजीत वसंत ने तीन स्थानीय अवकाश की घोषणा की है। यह अवकाश 2026 में 22 सितंबर, 19 अक्टूबर और दीपावली के दूसरे दिन 9 नवंबर के लिए अवकाश जारी किया गया है। कोषागार, उप कोषागार के लिए यह अवकाश नहीं होगा।

कलेक्टर अजीत वसंत के द्वारा सामान्य पुस्तक परिपत्र भाग-2 के अनुक्रमांक-04 के नियम-8 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले के लिए कैलेण्डर वर्ष 2026 हेतु स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेशानुसार, ढोल ग्यारस (करमा) 22 सितंबर 2026, दशहरा (महा अष्टमी) 19 अक्टूबर 2026 तथा दीपावली का दूसरा दिन (गोवर्धन पूजा) 09 नवंबर 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। कोषगारो/उप कोषगारो के लिए यह अवकाश नहीं होगा।

CG – तांत्रिक ने फिर लगाया लाखों का चूना : गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर लूटे लाखों, नगद और गहने लेकर हुआ फरार…..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक तांत्रित ने किसान से 13 लाख की ठगी की है। तांत्रिक ने गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर इस ठगी की है। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है और तांत्रिक की तलाश शुरु कर दी है।

यह पूरा मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। यहां एक किसान गड़ा सोना निकालने के लालच में ठगी का शिकार हो गया। दरअसल, तांत्रित ने उसे 13 लाख रूपए का चूना लगा दिया। किसान को झांसा देकर तांत्रिक नगद और गहने लेकर फरार हो गया। वहीं अब पीड़ित परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सेदम गांव में रहने वाले महेंद्र सिंह पैकरा ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके घर में एक तांत्रिक आया था, जिसने अपना नाम सूरज तिवारी बताया था। इस दौरान उसने उसके घर में गड़ा सोना निकालने का झांसा दिया। इसके बाद तांत्रित ने उसके घर के आंगन में गड्ढा खोदा और उसमें पांच नारियल डाल दिए। साथ ही घर वालों को सुबह शाम दिया जलाने को कहा। इतना ही नहीं इसके बाद तांत्रित ने उसे झांसा दिया कि 13 लाख रूपए के बदले वह एक दवा देगा, जिससे गड़ा सोना बाहर निकल आएगा।

तांत्रिक ने महेंद्र सिंह को 13 लाख लेकर रायपुर बुलाया और उससे पैसे के साथ ही सोने की कान की बाली और पायल भी ले लिए। इसके बाद उसने घर जाकर गड्ढा में दवा को छिड़कने को कहा। दवा छिड़कने के ढाई महीने बाद भी जब सोना नहीं निकला और तांत्रित भी नहीं आया तो उसे अपने साथ हुए ठगी का एहसास हुआ। जिसके बाद महेंद्र सिंह थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

तीन दिनों का निश्चित कालीन आंदोलन का आगाज़,कर्मचारियों में दिखा जोश और एकजुटता….

धमतरी नगरी…
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर आज से तीन दिवसीय काम बंद–कलम बंद आंदोलन का विधिवत आगाज़ हो गया। आंदोलन के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में कर्मचारी–अधिकारी धरना स्थल पर एकत्रित हुए और अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना एवं राजगीत के साथ किया गया, जिससे वातावरण देशभक्ति और संगठनात्मक चेतना से ओतप्रोत हो गया। इसके पश्चात आयोजित सभा को ब्लॉक संयोजक डोमार सिंह ध्रुव, महेन्द्र बोर्झा, सुरेंद्र ध्रुव, नीरज सोन,किशोर कश्यप ,गिरीश जायसवाल, जोहन नेताम,मदन सेन,प दुम साहू सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में फेडरेशन की 11 सूत्रीय प्रमुख मांगों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने “मोदी की गारंटी लागू करो” के नारे के साथ सरकार से लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। वक्ताओं ने आंदोलन को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं व्यापक बनाने का आह्वान किया।
सभा में उपस्थित कर्मचारियों ने एक स्वर में आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया और आगामी दिनों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। प्रथम दिवस के आंदोलन में उत्साह, अनुशासन और संगठन की मजबूती स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

CG Ration : छत्तीसगढ़ में राशनकार्ड धारकों के लिए जरुरी खबर, इतने हजार से ज्यादा राशन कार्ड हुए ब्लैक लिस्ट, अब राशन पाने के लिए करना होगा ये काम……

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के राशन कार्डधारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रायगढ़ जिले में ई केवाईसी नहीं करने वाले लगभग 74 हजार हितग्राहियों का राशन शासन ने रोक दिया है। इन हितग्राहियों का नवंबर महीने का राशन जारी ही नहीं किया गया। हालांकि लगभग 4000 लोगों ने ई केवाईसी की प्रक्रिया पुरी की है जिसके बाद उनका नाम ब्लैक लिस्ट से हटाया गया है, लेकिन इसके बाद अभी भी लगभग 70000 हितग्राही राशन से वंचित हैं।

दरअसल, राज्य सरकार ने सभी जिलों को राशन कार्डों की केवाईसी करने के निर्देश दिए हैं। रायगढ़ जिले में भी तकरीबन छह महीने से यह प्रक्रिया चल रही है। रायगढ़ जिले में 3 लाख 30 हजार राशन कार्डों के 10 लाख 60 हजार 630 हितग्राहियों की ई केवाईसी होनी थी, लेकिन अभी भी जिले में 9 लाख 86 हजार 39 हितग्राहियों की ही ईकेवाईसी कंपलीट हो पाई है। आलम यह है कि राज्य सरकार ने ई केवाईसी नहीं करने वाले 74833 हितग्राहियों का आवंटन रोक दिया है। हालांकि इसके बाद लगभग 4800 लोगों ने केवाईसी कराई। अभी भी 70 हजार से अधिक हितग्राहियों के नवंबर महीने का राशन रोक दिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों की ई केवाईसी नहीं हुई है उसमें अधिकांश एपीएल श्रेणी के हैं। इसके अलावा ई केवाईसी नहीं करने वालों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। प्रशासन के द्वारा लगातार लोगों को ई केवाईसी करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। केवाईसी प्रक्रिया कंप्लीट करने के बाद सभी को राशन जारी किया जाएगा।

CG – धीरेंद्र शास्त्री की कथा में युवती ने काटी हाथ की नस, फिर जो हुआ….. महाराज बोले……

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई से बड़ी खबर सामने आई है। जहां आयोजित पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा कार्यक्रम में शामिल होने आई एक युवती ने हाथ की नस काटकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया और युवती को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना का जिक्र करते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि उनसे न मिल पाने के कारण युवती ने ऐसा कदम उठाया। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में इस तरह का कदम उठाना गलत है।

धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी की निजी पूजा या चमत्कार के लिए नहीं, बल्कि हनुमानजी की भक्ति और कथा के लिए आए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से संयम और समझदारी बरतने की अपील करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है और किसी भी कारण से उसे नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से सभी भक्तों से अपील की कि भावनाओं में बहकर कोई भी गलत कदम न उठाएं और समस्याओं का समाधान धैर्य और समझ से निकालें। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।

CG – फिल्म स्टाइल में शातिर तरीके से गांजे की तस्करी, 6 करोड़ का गांजा पकड़ाया, 3 नशे के सौदागर गिरफ्तार…..

बलरामपुर-रामानुजगंज। पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बलरामपुर जिले की पुलिस ने 6 करोड़ का गांजा पकड़ा है। आरोपी तस्कर ओडिशा से गांजा लोड कर राजस्थान जा रहे थे। इसी बीच बलरामपुर जिले की पुलिस को सूचना मिली और रेड कार्रवाई कर ट्रक में बैठे तीन लोगों को पकड़ा गया। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए नारियल के भूसे के अदंर गांजा छिपा कर तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो हैरान रह गये। भूसे के अंदर करीब 1198.460 किलोग्राम गांजा था।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, 28 दिसम्बर की देर रात थाना बसंतपुर को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ के सरहदी एरिया धनवार बार्डर में एक टाटा ट्रक वाहन क्रमांक RJ 32 GE 0960 में नारियल के भूसी के अन्दर गांजा भर कर तस्करी की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ के सरहदी एरिया धनवार बार्डर चेक पोस्ट पर टाटा ट्रक वाहन क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रुकवाया गया। पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम अम्रीश कुमार और उसके साथियों ने अपना नाम अम्बरीश कुमार पटेल व मनीष कुमार बताये।

पुलिस स्टाफ के द्वारा वाहन की तलाशी ली गयी तो टाटा ट्रक के डाला में नारियल के भूसी के अन्दर गांजा मिला। जब्त गांजा 40 पैकेट कुल वजन 1198.460 किलोग्राम जिसकी कीमती लगभग 5,99,00,000 (पांच करोड़ निन्यानबे लाख) का बरामद किया गया।

टाटा ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपीगण के विरूद्ध भली-भांती अपराध घटित करने का सबूत पाये जाने पर आरोपियों के विरूद्ध थाना बसंतपुर में अपराध 228/2025 धारा 20 (बी) (ii) (सी) एनडीपीएस एक्ट पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. अम्रीश कुमार पिता संतलाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी पुरे पहलवान शेरशाह समरौता, थाना महाराजगंज, जिला रायबरेली (उ.प्र)।

2. अम्बरीश कुमार पटेल पिता जगदेव प्रसाद पटेल, उम्र 33 वर्ष, निवासी शाह मोहम्मद पूर्व अप्या, थाना नगराम मोहन लाल गंज, लखनउ (उ.प्र.)।

3. मनीष कुमार पिता रामभवन, उम्र 20 वर्ष, निवासी मैनझर, थाना शिवरतनगंज, जिला अमेठी (उ.प्र.)।